नीमच। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की जन्मस्थली नीमच स्थित ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ का 59वां स्थापना दिवस शनिवार को श्रद्धा, गौरव एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर उप महानिरीक्षक सुरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में ऐतिहासिक शौर्य स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
श्रद्धांजलि समारोह में ग्रुप केंद्र के अधिकारियों एवं जवानों ने अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया। इसके बाद शहीदों को सलामी दी गई और देशभक्ति से ओतप्रोत गीत ष्वतन की राह में वतन के नौजवान शहीद होंष् का सामूहिक गायन किया गया, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं जवानों ने सरदार पोस्ट से लाई गई पवित्र मिट्टी से भरे कलश पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्ररक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा शहीदों के सर्वाेच्च बलिदान को नमन किया।
उल्लेखनीय है कि 1 अगस्त 1968 को नीमच में सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र की स्थापना हुई थी। नीमच न केवल सीआरपीएफ की जन्मस्थली है, बल्कि बल की गौरवशाली परंपराओं, विकास यात्रा और अदम्य शौर्य का भी साक्षी रहा है। देश की आंतरिक सुरक्षा, शांति व्यवस्था और राष्ट्रीय एकता की रक्षा में सीआरपीएफ ने हमेशा अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
स्थापना दिवस के अवसर पर ग्रुप केंद्र के सभी मैस में पारंपरिक श्बड़ा खानाश् का आयोजन भी किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं जवानों ने सहभागिता कर स्थापना दिवस का उत्साहपूर्वक उत्सव मनाया।