मंदसौर। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के मार्गदर्शन में सीतामऊ थाना पुलिस द्वारा सिंथेटिक ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ करने की कार्रवाई की प्रदेश स्तर पर सराहना की गई है। इस उल्लेखनीय कार्रवाई पर मध्यप्रदेश गृह मंत्रालय ने पुलिस टीम की प्रशंसा करते हुए इसे नशे के विरुद्ध प्रभावी अभियान बताया है।
वहीं, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है। यह कार्रवाई प्रदेश में सिंथेटिक ड्रग्स के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि सीतामऊ पुलिस ने हाल ही में एक अवैध एमडी (सिंथेटिक ड्रग्स) निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में ड्रग्स, केमिकल और उपकरण जब्त किए थे। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग भी की थी, जिसके बावजूद पुलिस ने साहस और सतर्कता के साथ अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।