गरोठ/शामगढ़। जियो स्टार इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की शिकायत पर शामगढ़ पुलिस ने एक स्थानीय नेटवर्क संचालक के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोप है कि कंपनी के टीवी सिग्नलों का प्रसारण बिना वैध लाइसेंस एवं अधिकृत सब्सक्रिप्शन के किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, जियो स्टार इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी अरुण शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रिद्धि सिद्धि नेटवर्क द्वारा कंपनी के टीवी चैनलों का प्रसारण बिना आवश्यक अनुमति के किया जा रहा है। शिकायत की प्रारंभिक जांच में मामला प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर पुलिस ने कॉपीराइट अधिनियम की धारा 37, 51, 65 एवं 65ए के तहत प्रकरण दर्ज किया।
पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच के दौरान संबंधित लाइसेंस, सब्सक्रिप्शन दस्तावेज एवं अन्य अभिलेखों की जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।