नीमच। विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि नीमच में 48 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत सीएम राइज संदीपनी स्कूल शहर के विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री स्तर पर लगातार प्रयास किए गए। भूमि चयन में अधिक विलंब होने पर स्वीकृत बजट लैप्स होने की आशंका थी, जिससे शहर के विद्यार्थियों को नुकसान होता।
विधायक ने बताया कि स्कूल निर्माण के लिए कलेक्टरेट और नगर पालिका स्तर पर कई वैकल्पिक स्थलों पर विचार किया गया, लेकिन कहीं भूमि की कमी, कहीं नगर पालिका की असहमति और कहीं वैधानिक अड़चनों के कारण सहमति नहीं बन सकी। अंततः प्रशासनिक सहमति से शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 परिसर का चयन किया गया, जो शिक्षा विभाग की ही भूमि है।
खिलाड़ियों की चिंताओं पर उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल दोनों बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। संदीपनी स्कूल परिसर में शूटिंग, घुड़सवारी सहित अन्य आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही पुराने जर्जर भवन हटाकर मैदान तैयार किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि शहर में ग्वालटोली, बगीचा नंबर-13, जाजू कॉलेज के पास 13 करोड़ रुपये की लागत से नया स्टेडियम तथा हॉकी एस्ट्रोटर्फ सहित कई खेल सुविधाओं का विकास भी किया जा रहा है।
अंत में विधायक परिहार ने शहरवासियों से अपील की कि वे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और शहर के विकास के लिए सकारात्मक सहयोग करें।