नीमच। सावन के महीने में जहां अच्छी बारिश की उम्मीद रहती है, वहीं इस बार मानसून की रफ्तार कमजोर रहने से नीमच जिले सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है। नीमच जिले में अब तक औसत बारिश की तुलना में करीब 19 इंच कम पानी बरसा है। हालांकि शहरवासियों के लिए राहत की बात यह है कि प्रमुख जलस्रोत जाजू सागर बांध में पर्याप्त जल उपलब्ध है, जिससे फिलहाल पेयजल संकट की स्थिति नहीं बनेगी।
प्रदेश के 43 जिलों में सामान्य से कम वर्षा-
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार मध्यप्रदेश में जुलाई माह के दौरान मानसून ने दो बार लंबा ब्रेक लिया। महीने के अंतिम सप्ताह में अच्छी बारिश हुई, लेकिन जून में हुई कम बारिश की भरपाई नहीं हो सकी। प्रदेश में अब तक औसत से करीब 13 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश के 43 जिलों में सामान्य से कम वर्षा हुई है, जबकि कुछ जिलों में अभी तक 10 इंच बारिश का आंकड़ा भी पार नहीं हुआ है।
प्रदेश में अब तक 15.7 इंच बारिश
आईएमडी (मौसम केंद्र) के अनुसार मध्यप्रदेश में अब तक औसतन 15.7 इंच बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य औसत 18.1 इंच है। इस तरह प्रदेश में करीब 2.4 इंच बारिश कम हुई है। कम बारिश का असर जलस्रोतों में पानी की आवक पर भी दिखाई दे रहा है।
देरी से पहुंचा मानसून, जून में हुई कमी-
इस वर्ष मानसून मध्यप्रदेश में निर्धारित समय से करीब 9 दिन देरी से 24 जून को पहुंचा था। इसके बाद नौ दिनों में पूरे प्रदेश में सक्रिय हो गया, लेकिन देरी के कारण जून माह में बारिश का आंकड़ा करीब 30 प्रतिशत कम रहा। जुलाई के पहले सप्ताह में स्थिति कुछ बेहतर हुई और बारिश का आंकड़ा सामान्य से ऊपर पहुंचा, लेकिन दूसरे सप्ताह में मानसून कमजोर पड़ गया। जुलाई के तीसरे और चौथे सप्ताह में बारिश ने रफ्तार पकड़ी और अच्छी वर्षा दर्ज की गई, लेकिन अगस्त की शुरुआत में एक बार फिर तेज बारिश का दौर थम गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश में दोबारा बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
नीमच जिले में सामान्य से काफी कम बारिश-
नीमच जिले की औसत वार्षिक बारिश 32.5 इंच है, लेकिन चालू वर्षा काल में अब तक जिले में औसतन केवल 13.5 इंच बारिश दर्ज की गई है। पिछले वर्ष इसी अवधि तक जिले में 28.5 इंच बारिश हो चुकी थी। विकासखंडवार बारिश के आंकड़ों के अनुसार नीमच में 15.9 इंच, जावद में 10.9 इंच, मनासा में 12.6 इंच और सिंगोली में 14.7 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। जिले में सामान्य बारिश के आंकड़े को छूने के लिए अभी करीब 19 इंच बारिश की जरूरत है।
जाजू सागर बांध में पर्याप्त पानी, जल संकट नहीं
कम बारिश के बावजूद नीमच शहर के लिए राहत की स्थिति बनी हुई है। नगर पालिका जलकर विभाग के शाखा प्रभारी एवं केमिस्ट सुरेश पंवार ने बताया कि हर्कियाखाल स्थित जाजू सागर बांध की कुल क्षमता 21 फीट है। वर्तमान में बांध में करीब 15 फीट पानी उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि शहर में जलापूर्ति के लिए शिवाजी बांध (ठिकरिया डेम) से भी पानी लिया जा रहा है और आगे भी आवश्यकता अनुसार पानी लिया जाएगा। वर्तमान स्थिति को देखते हुए शहर में पेयजल संकट की संभावना नहीं है।
इन जिलों में सामान्य से कम बारिश-
मध्यप्रदेश के अनूपपुर, बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, सागर, सतना, सिवनी, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आगर-मालवा, आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, धार, गुना, हरदा, झाबुआ, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, राजगढ़, रतलाम, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा सहित 43 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। वहीं भोपाल, शहडोल, बड़वानी, भिंड, बुरहानपुर, देवास, इंदौर, खंडवा, खरगोन, सीहोर सहित कुछ जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है।