नीमच। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से नगर पालिका ने सोमवार को व्यापक कार्रवाई करते हुए गोमाबाई रोड से अंबेडकर मार्ग होते हुए एलआईसी चौराहा तक फुटपाथों और सड़कों पर किए गए अवैध अतिक्रमण हटाए।
कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक मार्गों पर लगाए गए अस्थायी एवं स्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। नगर पालिका का अतिक्रमण विरोधी अभियान पिछले 15 दिनों से लगातार जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने बताया कि कार्रवाई से पूर्व अतिक्रमणकर्ताओं को कई बार समझाइश दी गई थी। उन्हें चलित ठेलों एवं वैकल्पिक व्यवस्था अपनाने की सलाह भी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कई लोगों ने पक्के निर्माण कर लिए तथा एक ही स्थान पर दो-दो और तीन-तीन ठेले एवं गुमटियां लगाकर सड़क और फुटपाथ पर कब्जा कर लिया, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
उन्होंने बताया कि जिला सड़क सुरक्षा समिति के निर्देशानुसार शहर की प्रमुख सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। यह अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा। नगर पालिका ने चेतावनी दी है कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर शहर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।