चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ सांसद सी.पी. जोशी ने प्रदेश के हजारों लाइसेंसधारी अफीम किसानों की समस्याओं को लेकर राजस्थान के आबकारी आयुक्त से दूरभाष पर चर्चा की। उन्होंने डोडा चूरा नष्टीकरण से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों का शीघ्र समाधान कर किसानों को अनावश्यक परेशानी से राहत देने का आग्रह किया।
सांसद जोशी ने कहा कि चित्तौड़गढ़ संसदीय क्षेत्र सहित प्रदेशभर में हजारों किसान वैज्ञानिक पद्धति से अफीम की खेती करते हैं और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी उपज सरकार को सौंपते हैं। वर्तमान में कई वर्ष पुराने डोडा चूरा के नष्टीकरण में हो रही देरी के कारण किसानों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक ने बताया कि सांसद जोशी ने आबकारी आयुक्त से आग्रह किया कि डोडा चूरा नष्टीकरण की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी कराई जाए, ताकि भविष्य में किसानों को इस प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि प्रत्येक वर्ष उसी वर्ष नष्टीकरण की कार्रवाई पूरी कर दी जाए तो किसानों पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा और विभागीय व्यवस्था भी अधिक सरल एवं प्रभावी बनेगी।
सांसद सी.पी. जोशी ने प्रदेश के हजारों अफीम किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर संवेदनशीलता के साथ आवश्यक निर्णय लेने और किसानों को शीघ्र राहत प्रदान करने का आग्रह किया।