रतलाम। ग्राम पंचायत सादाखेड़ी के युवा और बच्चों के लिए सुरक्षित खेल मैदान की मांग जोर पकड़ रही है। ग्रामवासियों ने सरपंच और सचिव को आवेदन देकर गांव में खेल मैदान के सुधार, समतलीकरण और भूमि आवंटन की मांग की है।
आवेदन में ग्रामवासियों ने बताया कि गांव में युवाओं और बच्चों के नियमित खेलकूद के लिए कोई उचित खेल मैदान उपलब्ध नहीं है। मैदान के अभाव में बच्चे और युवा निजी भूमि तथा सड़कों पर खेलने को मजबूर हैं। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और भूमि स्वामियों को भी असुविधा होती है। इसी कारण गांव में खेल प्रतिभाओं का उचित विकास नहीं हो पा रहा है।
ग्रामवासियों ने आवेदन में एक महत्वपूर्ण सुझाव भी दिया है। उन्होंने कहा कि शासकीय विद्यालय के समीप एक भूमि स्थित है जहां पहले अवैध खन किया गया था। वर्तमान में वह भूमि अनुपयोगी पड़ी हुई है। यदि इस भूमि को खेल मैदान हेतु आवंटित कर उसका समतलीकरण और विकास कराया जाए, तो गांव के बच्चों और युवाओं को सुरक्षित और स्थायी खेल मैदान मिल सकेगा।
आवेदन में सरपंच और सचिव से अनुरोध किया गया है कि उक्त भूमि का निरीक्षण कर उसे खेल मैदान के लिए आवंटित कराने तथा सुधार एवं समतलीकरण की आवश्यक कार्यवाही शीघ्र की जाए। ग्रामवासियों का कहना है कि इससे युवा सुरक्षित वातावरण में खेल सकेंगे और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर गांव, क्षेत्र और जिले का नाम रोशन कर सकेंगे।
ग्रामवासियों ने आशा जताई है कि उनके आवेदन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।