निम्बाहेड़ा। राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी (आरएमआरएस) एवं स्वामी विवेकानंद राजकीय जिला चिकित्सालय, निम्बाहेड़ा के सलाहकार मंडल की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी के मुख्य आतिथ्य तथा अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं आरएमआरएस अध्यक्ष दिनेश धाकड़ की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिला चिकित्सालय में चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना तथा आमजन को आधुनिक, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।
बैठक में जिला चिकित्सालय के विकास कार्यों, चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, भवन के रख-रखाव, निर्माणाधीन नवीन भवन की प्रगति तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। जिला चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. राघव सिंह ने अस्पताल की वर्तमान व्यवस्थाओं, उपलब्ध सुविधाओं एवं प्रस्तावित एजेंडा बिंदुओं की जानकारी प्रस्तुत की।
ब्लड बैंक संचालन के लिए सीएसआर मद से मिलेंगे आधुनिक उपकरण
बैठक में आरएमआरएस मद से किए गए विभिन्न कार्यों के भुगतान हेतु प्रशासनिक स्वीकृतियां प्रदान करने, चिकित्सालय भवन के आंतरिक भाग के रंग-रोगन एवं रख-रखाव कार्यों को मंजूरी देने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में पीएमओ डॉ. राघव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला चिकित्सालय में ब्लड बैंक संचालन के लिए नक्शा स्वीकृत हो चुका है, जिसके आवश्यक आधुनिक उपकरण क्रय करने के लिए पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी की अनुशंसा पर वंडर सीमेंट द्वारा सीएसआर मद 35 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसके अतिरिक्त मोर्चरी में आवश्यक उपकरणों की स्थापना एवं मरम्मत, ऑपरेशन थियेटर की तकनीकी व्यवस्थाओं का सुदृढ़ीकरण, अस्पताल में फर्नीचर, कूलर, एसी सहित आवश्यक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण उपलब्ध कराने, डायलिसिस भवन पूर्ण होने के बाद अतिरिक्त डायलिसिस मशीनें स्थापित करने, आईसीयू एवं ऑपरेशन थियेटर के लिए आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की एसेसरिज उपलब्ध कराने, चिकित्सालय भवन के रंग-रोगन तथा मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए सहायता केंद्र स्थापित करने जैसे अनेक महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
आमजन को मिले त्वरित, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं- विधायक कृपलानी
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि जिला चिकित्सालय आमजन की स्वास्थ्य सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां आने वाला प्रत्येक मरीज बेहतर उपचार और संवेदनशील व्यवहार की अपेक्षा लेकर आता है। उन्होंने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं समस्त कार्मिकों को निर्देश दिए कि मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ मानवीय, संवेदनशील और सहयोगपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करें तथा सेवा भाव को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक को त्वरित, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए चिकित्सा सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जाए, जिससे क्षेत्र के लोगों को उपचार के लिए अन्यत्र नहीं जाना पड़े। विधायक कृपलानी ने विशेष रूप से रात्रिकालीन चिकित्सा सेवाओं में अनुशासन, तत्परता एवं जवाबदेही बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
ये रहे उपस्थित
बैठक में पूर्व विधायक अशोक नवलखा, पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, उपखण्ड अधिकारी विकास पंचोली, पीएमओ डॉ. राघव सिंह, चिकित्सालय उप नियंत्रक डॉ. के. आसिफ, नर्सिंग अधीक्षक जितेंद्र सिंघवी, वंडर सीमेंट के राहुल व्यास, मनीष तोलम्बिया, कनिष्ठ लेखाकार धर्मपाल सिंह गावड़िया सहित आरएमआरएस के सदस्य एवं जिला चिकित्सालय प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।