चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू के निर्देशानुसार जिले के समस्त उपखंड अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्राधिकार में संचालित समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग के कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास तथा जनजाति क्षेत्रीय विकास (टीएडी) विभाग के छात्रावासों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारियों ने छात्रावासों में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध आवासीय सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा, अध्ययन व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास प्रभारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपखंड अधिकारियों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं छात्रावास प्रभारियों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं तथा छात्रावासों का नियमित रखरखाव, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के उपरांत सभी उपखंड अधिकारियों ने अपनी-अपनी निरीक्षण रिपोर्ट जिला प्रशासन को प्रेषित की।