नीमच। जिले की जीरन तहसील के ग्राम भंवरासा, खेताखेड़ा, डोरिया और पालसोडा के किसानों ने वर्ष 2025 की खरीफ फसल बीमा राशि अब तक नहीं मिलने को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने शीघ्र बीमा राशि दिलाने की मांग करते हुए बताया कि फसल नुकसान के बावजूद भुगतान नहीं मिलने से वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
किसानों ने ज्ञापन में बताया कि वर्ष 2025 में पीला मोजेक रोग के कारण पटवारी हल्का क्रमांक 18 एवं 19 में खरीफ फसल को भारी नुकसान हुआ था। पटवारी एवं ग्राम विकास अधिकारी द्वारा किए गए सर्वे में 35 से 55 प्रतिशत तक फसल क्षति दर्ज की गई थी। इसके आधार पर शासन द्वारा राहत राशि भी जारी की गई, लेकिन संबंधित एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी द्वारा अब तक फसल बीमा राशि का भुगतान नहीं किया गया है।
किसानों ने कलेक्टर से मांग की है कि संबंधित बीमा कंपनी को निर्देशित कर पात्र किसानों को शीघ्र बीमा राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि फसल बीमा किसानों का अधिकार है और लंबे समय से भुगतान लंबित रहने से किसानों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन पर ग्राम भंवरासा एवं पालसोडा सहित आसपास के कई किसानों के हस्ताक्षर हैं। किसानों ने प्रशासन से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की उम्मीद जताई है।