नीमच। जिले के ग्राम रेवली-देवली के एक किसान ने जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर खेत तक जाने वाले वर्षों पुराने रास्ते को बंद किए जाने की शिकायत की है। किसान का आरोप है कि रास्ते पर गेट लगा दिए जाने से कृषि भूमि तक पहुंच बाधित हो गई है, जिससे वर्तमान वर्षाकाल में खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है।
80 वर्षीय किसान मेहताब सिंह ने प्रशासन को दिए आवेदन में बताया कि जिस रास्ते का उपयोग उनके पूर्वजों द्वारा कई वर्षों से किया जा रहा था, उसे बंद कर दिए जाने से किसानों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित पक्ष द्वारा रास्ते पर गेट लगा देने के कारण खेतों तक आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
किसान ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर प्रचलित एवं पुराने रास्ते को पुनः खुलवाया जाए, ताकि किसान समय पर कृषि कार्य कर सकें।
उन्होंने कहा कि वर्षाकाल के दौरान रास्ता बंद रहने से फसल बुवाई प्रभावित हो सकती है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसानों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर समस्या का समाधान करने की मांग की है।