खरगोन। तहसील बड़वाह के ग्राम ढकलगाँव की महिलाओं ने गांव में मुख्य मार्ग पर संचालित शराब दुकान को हटाने अथवा अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर के नाम कार्यालय को सामूहिक आवेदन सौंपा।
महिलाओं का कहना है कि मुख्य मार्ग पर संचालित शराब दुकान के कारण प्रतिदिन शराब पीने वाले लोगों की भीड़ लगी रहती है, जिससे महिलाओं, छात्राओं एवं बच्चियों के आवागमन में असुविधा होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब दुकान के आसपास का माहौल अक्सर अशांत बना रहता है, जिससे परिवारों का सामाजिक वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। साथ ही मुख्य सड़क पर दुकान होने के कारण विवाद एवं सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
आवेदन में महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि ग्राम की महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं शांतिपूर्ण वातावरण को ध्यान में रखते हुए शराब दुकान का मौके पर निरीक्षण कराया जाए तथा नियमानुसार इसे ग्राम से हटाने अथवा किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जाए।
महिलाओं ने यह भी कहा कि यदि उनकी समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग को आगे भी संबंधित अधिकारियों एवं सक्षम मंचों के समक्ष उठाने के लिए बाध्य होंगी।
सामूहिक आवेदन पर रेशम, ज्योति, सुनाबी, मंजू, गायत्री, रुपाली, राधिका, लता, रीना सहित ग्राम ढकलगाँव की अनेक महिलाओं के हस्ताक्षर हैं। महिलाओं ने प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताते हुए ग्राम में सुरक्षित, शांत एवं नशामुक्त वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है।