शिवपुरी। जिले की खनियाधाना तहसील अंतर्गत ग्राम गताझलकुई के ग्रामीणों ने जनसुनवाई में पहुंचकर सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले तीन से चार महीने से उन्हें गेहूं, चावल और शक्कर का वितरण नहीं किया गया, जिससे कई परिवार परेशान हैं।
ग्रामीणों ने शिकायत में बताया कि राशन वितरण व्यवस्था में लगातार अनियमितताएं की जा रही हैं। आरोप है कि कंट्रोल दुकान के कर्मचारी बल्लू यादव और भूरा यादव सहित संबंधित जिम्मेदार लोग राशन आने की बात कहकर हितग्राहियों से अंगूठा लगवा लेते हैं, लेकिन बाद में राशन सामग्री नहीं दी जाती।
ग्रामीणों ने वर्तमान सेल्समैन खेरू यादव पर भी निर्धारित मात्रा से कम राशन देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पात्र हितग्राहियों को जहां 35 किलो राशन मिलना चाहिए, वहीं उन्हें केवल 15-15 किलो राशन दिया जा रहा है। साथ ही राशन सामग्री दुकान के बजाय घर पर रखने की भी शिकायत की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि राशन वितरण में गड़बड़ी लंबे समय से चल रही है, लेकिन अब स्थिति और गंभीर हो गई है। उन्होंने कलेक्टर से पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और पात्र हितग्राहियों को नियमित रूप से राशन उपलब्ध कराने की मांग की है।