शाजापुर। जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम बाईहेड़ा के किसानों के साथ धोखाधड़ी और लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी किसान हेमराज मालवीय सहित करीब 5 किसानों ने अपने खेतों में खरीफ सीजन की बुवाई के लिए सत्यम बीज निगम वेयर हाउस से सोयाबीन के बीज खरीदे थे। लेकिन जब इन बीजों को खेतों में बोया गया, तो कुछ दिनों बाद जो फसल अंकुरित होकर बाहर आई, वह उस किस्म की नहीं थी जो किसानों को बताई और बेची गई थी। पीड़ित किसानों का आरोप है कि उन्होंने सत्यम वेयर हाउस से अच्छी और उच्च गुणवत्ता वाली किस्म बताकर बीज खरीदे थे, लेकिन खेतों में फसल उगने के बाद स्पष्ट हो गया कि उन्हें मनमाने और अमानक स्तर के अन्य किस्म के बीज थमा दिए गए थे। किसानों ने बताया कि एक तो पहले से ही महंगे बीज खरीदने में उनकी पूंजी लगी, और अब गलत बीज निकलने के कारण उनकी पूरी मेहनत, समय और खाद-पानी का खर्च बर्बाद हो गया है। इससे किसानों के सामने भारी आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। गंभीर धोखाधड़ी से आहत होकर बाईहेड़ा गांव के इन 5 किसानों ने जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में पहुंचकर एक लिखित शिकायती आवेदन सौंपा है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। सोयाबीन के अमानक और धोखे से अन्य किस्म के बीज बेचने वाले सत्यम वेयर हाउस के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए। किसानों को उनकी बर्बाद हुई फसल और लागत का उचित मुआवजा दिलाया जाए।