शिवपुरी। जिले की रन्नौद नगर पंचायत से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सरकारी रिकॉर्ड में एक जीवित व्यक्ति को ही मृत घोषित कर दिया गया। मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में एक व्यक्ति अपना गलत मृत्यु प्रमाण पत्र लेकर कलेक्टर के पास न्याय की गुहार लगाने पहुंचा।
मामला कोलारस विधानसभा क्षेत्र के रन्नौद तहसील अंतर्गत वार्ड क्रमांक-14, सेसई गांव का है। यहां रहने वाले गिटला आदिवासी ने कलेक्टर को आवेदन देकर बताया कि उसके पिता जगनी आदिवासी का अक्टूबर 2022 में निधन हुआ था। पिता की मृत्यु के बाद नगर पंचायत रन्नौद द्वारा मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया गया, लेकिन उसमें मृतक के स्थान पर उसके बेटे गिटला आदिवासी का नाम दर्ज कर दिया गया।
गिटला ने बताया कि वह कम पढ़ा-लिखा है, इसलिए उस समय प्रमाण पत्र में दर्ज नाम की गलती समझ नहीं सका और दस्तावेज घर पर रख दिया। बाद में जब पिता की जमीन के फौती नामांतरण की प्रक्रिया के दौरान प्रमाण पत्र तहसील में जमा किया गया, तब जांच में सामने आया कि मृत्यु प्रमाण पत्र उसके पिता का नहीं, बल्कि खुद उसके नाम से जारी हुआ है।
गलती की जानकारी मिलने के बाद गिटला ने नगर पंचायत रन्नौद में कई बार आवेदन देकर रिकॉर्ड सुधारने की मांग की। उसने जरूरी दस्तावेज भी जमा किए, लेकिन लंबे समय तक कोई सुधार नहीं किया गया। परेशान होकर उसने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन समाधान नहीं मिला।
अब गिटला आदिवासी ने जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर से मामले की जांच कर नगर पंचायत की गलती सुधारने, सही मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामला सामने आने के बाद नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं और प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद की जा रही है।