देवास। विक्रम विश्वविद्यालय से संबद्ध बी.कॉम छात्रों के शून्य परिणाम को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिला अध्यक्ष श्रीकांत चौहान के नेतृत्व में अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न होकर हाथों में कटोरा लेकर भीख मांगते हुए प्रदर्शन किया, जिससे पूरे मामले ने ध्यान खींचा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता केपी कॉलेज पहुंचे और भीख में एकत्रित की गई राशि प्राचार्य को सौंपते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। इस दौरान जमकर नारेबाजी कर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करने की मांग उठाई गई।
जिला अध्यक्ष श्रीकांत चौहान ने कहा कि बी.कॉम का शून्य परिणाम विश्वविद्यालय की गंभीर लापरवाही है और यह छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा के दलाल बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द परिणाम में सुधार नहीं किया गया तो एनएसयूआई उग्र आंदोलन करेगी।
वहीं केपी कॉलेज प्राचार्य ने कहा कि छात्रों द्वारा ज्ञापन और चिल्लर राशि सौंपी गई है, जिसे विश्वविद्यालय प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा और उचित निर्णय लिया जाएगा।