चित्तौड़गढ़। भारतीय जनता पार्टी घोसुण्डा मंडल की बैठक मंगलवार को ऋषि मगरी मंदिर परिसर में आयोजित हुई। बैठक को संबोधित करते हुए चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल में चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र को विकास की अनेक सौगातें दी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसान, महिला, युवा और गरीब वर्ग के सशक्तिकरण के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं।
बैठक में विधायक आक्या ने आगामी स्थानीय निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि सभी को एकजुट होकर भाजपा का बोर्ड बनाने के लिए कार्य करना होगा। उन्होंने पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सरकार की योजनाओं और क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी घर-घर पहुंचाने का आग्रह किया।
बैठक में पंचायतीराज चुनाव की रणनीति, बूथ प्रबंधन, चुनाव संचालन और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष लालचंद गुर्जर, पूर्व प्रधान प्रवीण सिंह राठौड़, देवेन्द्र कंवर, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश शर्मा, राजमल सुखवाल, ओम जोशी, नारूलाल जाट सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।