नीमच। पुलिस कंट्रोल रूम सभाकक्ष में मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर का आयोजन पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास की अध्यक्षता में किया गया। शिविर का आयोजन अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, उज्जैन रेंज के निर्देशानुसार किया गया।
शिविर में फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें एसपी के समक्ष प्रस्तुत कीं। पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 14 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद कराया गया।
जनसुनवाई में करीब 62 आवेदकों ने भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न मामलों से जुड़ी शिकायतें प्रस्तुत कीं। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से कहा कि सभी आवेदनों का निष्पक्ष और समय पर निराकरण करें तथा थाना स्तर पर नियमित रूप से जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से करें।
शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद हर्ष राठौर, एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी, जिले के थाना प्रभारी एवं संबंधित शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।