नीमच। शहर के वार्ड क्रमांक-17 स्थित अंबेडकर कॉलोनी में यादव समाज के आराध्यदेव श्री नारायण गिरी बाबा के देवरे की भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर समाजजनों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि पुलिया के समीप स्थित देवरा यादव समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां विधायक निधि से सामुदायिक भवन का निर्माण कराया गया है तथा नगर परिषद के संकल्प के माध्यम से भूमि समाज के उपयोग के लिए आवंटित की गई थी। समाज का कहना है कि यहां उनके दिवंगत बुजुर्गों के अस्थि कलश भी स्थापित हैं, जिससे इस स्थल का धार्मिक और सामाजिक महत्व जुड़ा हुआ है।
समाजजनों का आरोप है कि स्थानीय निवासी अजय जाट ने पहले देवरे के मुख्य मार्ग पर गुमटी रखी, फिर त्रिपाल लगाकर निर्माण कार्य शुरू किया और अब वहां पक्की दीवारें भी खड़ी कर दी हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में नगर पालिका को कई बार शिकायत देने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
यादव समाज ने जिला प्रशासन से कथित अतिक्रमण की निष्पक्ष जांच कर अवैध निर्माण हटाने और देवरे की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। हालांकि मामले की वास्तविक स्थिति प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।