नीमच। अखिल भारतीय वनवासी कृषि ग्रामीण मजदूर संघ ने आदिवासी क्षेत्र ग्राम झंझारवाड़ा का निरीक्षण कर ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत और सरपंच पर विकास कार्यों में लापरवाही तथा अनियमितताओं के आरोप लगाए।
ग्रामीणों ने जिला संयोजक दुर्गा शंकर दशाणा को बताया कि पंचायत द्वारा आवागमन मार्ग के बीचों-बीच पेयजल पाइपलाइन का वाल्व लगाया गया है। वहीं नालियों की उचित निकासी नहीं होने से गंदा पानी वाल्व तक पहुंच रहा है, जिससे पेयजल दूषित होने और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार पंचायत को शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
निरीक्षण के दौरान भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने सड़क पर जलभराव और कीचड़ के बीच बैठकर विरोध दर्ज कराया। जिला संयोजक दुर्गा शंकर दशाणा ने कहा कि फिलहाल ग्रामीणों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि जल्द ही सड़क के बीच लगे वाल्व को हटाकर उचित स्थान पर नहीं लगाया गया और जल निकासी की व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो पंचायत, सरपंच और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन देने के बाद आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो भारतीय मजदूर संघ ग्रामीणों के साथ सड़क पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगा। साथ ही शासन-प्रशासन से ग्राम झंझारवाड़ा की समस्याओं का तत्काल निराकरण कराने की मांग की गई।
निरीक्षण के दौरान जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर जायसवाल, जिला संयोजक दुर्गा शंकर दशाणा, तहसील अध्यक्ष विनोद खैर, पूनम भील, गोविंद खाट, मनोहर भील सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिला मातृशक्ति उपस्थित रहे।