रतलाम। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने सोमवार को उज्जैन एवं आसपास के रेलवे स्टेशनों पर सिंहस्थ-2028 से जुड़ी विकास एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि सिंहस्थ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और आधुनिक रेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
निरीक्षण के दौरान रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) अक्षय कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
महाप्रबंधक ने सबसे पहले उज्जैन रेलवे स्टेशन पर चल रहे यात्री सुविधा विस्तार एवं अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने पिंगलेश्वर, पवासा, नई खेड़ी, मोहनपुरा, विक्रमनगर और चिंतामन गणेश रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर प्लेटफॉर्म विस्तार, यात्री सुविधाओं, परिसंचरण व्यवस्था और अन्य विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 पश्चिम रेलवे के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक परियोजना को समय पर पूरा करना होगा। उन्होंने गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया।
दौरे के दौरान महाप्रबंधक ने उज्जैन में निर्माणाधीन मल्टी डिसिप्लिनरी जोनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (MDZTI) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय भवन, महिला एवं पुरुष छात्रावास, अध्ययन कक्ष, रसोईघर और प्रशासनिक परिसर सहित विभिन्न निर्माणाधीन इकाइयों का अवलोकन कर अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप उत्कृष्ट गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान महाप्रबंधक एवं अन्य अधिकारियों ने परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
महाप्रबंधक ने कहा कि रेलवे की आधारभूत संरचना के विकास में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी और तय समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।