चित्तौड़गढ़। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा राजस्थान के प्रदेश संगठन में वरिष्ठ भाजपा नेता बद्रीलाल जाट को प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से जिलेभर के भाजपा कार्यकर्ताओं, किसान नेताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है।
बद्रीलाल जाट छात्र राजनीति से सक्रिय सार्वजनिक जीवन में आए। वे पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष, कपासन के पूर्व विधायक, पूर्व डेयरी चेयरमैन तथा चित्तौड़गढ़ भूमि विकास बैंक के चेयरमैन रह चुके हैं। संगठन और किसानों के बीच उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए भाजपा नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि बद्रीलाल जाट के अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से किसान मोर्चा को प्रदेशभर में मजबूती मिलेगी तथा किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
नियुक्ति के बाद बद्रीलाल जाट ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसका वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं को साथ लेकर किसानों के हितों की रक्षा, संगठन के विस्तार और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उनकी नियुक्ति पर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।