नीमच। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 147 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में आवास योजना, फसल बीमा, भूमि विवाद, खेत तक पहुंच मार्ग, आवासीय पट्टा, भावांतर योजना, लाड़ली बहना योजना, कोटवार नियुक्ति, अवैध कब्जे और अन्य राजस्व एवं ग्रामीण विकास से जुड़े मामलों के आवेदन प्राप्त हुए।
बोरदिया कला के दुल्हेसिंह सौंधिया ने प्रधानमंत्री आवास प्लस सर्वे सूची में नाम शामिल कराने, कचौली की वरदीबाई ने खेत तक पहुंच मार्ग खुलवाने, केनपुरया के सूरज ने कोटवार पद पर नियुक्ति, लासूर के अशोक, कमलाशंकर एवं छगनलाल ने आवासीय पट्टा दिलाने, मनासा के मदनलाल ने भूमि पर अवैध कब्जे के विरुद्ध कार्रवाई, अरनिया बोराना के गणेश कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, सेमली आंत्री के मांगूसिंह ने फसल बीमा दावा राशि तथा नीमच की आशादेवी गोयल ने भावांतर योजना की लंबित राशि दिलाने की मांग की। वहीं बरड़िया जागीर की नंदकुंवर ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।
इसके अलावा जगेपुरमीणा, चौकड़ी, आनंदपुरा, बावड़ा, रेवली-देवली, आंबा, नयाखेड़ा, जीरन, रावणरूंडी, बरूखेड़ा, रामपुरा, लसूड़ी तंवर, नयागांव, चंद्रपुरा, नीमच सिटी, जमुनिया, चुकनी, केलूखेड़ा सहित जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे आवेदकों ने भी अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन सौंपे।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को शीघ्र राहत प्रदान की जाए।
जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे, मयूरी जोक, श्रुति भयड़िया, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविंद डामोर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।