देवास। शहर के पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत की संवेदनशीलता और मानवीय सोच एक बार फिर सामने आई, जब मोती बंगला स्थित शिवशक्ति ग्राउंड की झुग्गी-बस्ती में रहने वाले मासूम बच्चे स्वयं एसपी कार्यालय पहुंचे और उनसे मुलाकात की।
इस दौरान बच्चों ने अपनी बनाई हुई सुंदर पेंटिंग्स पुलिस अधीक्षक को दिखाईं। बच्चों की प्रतिभा को देखकर एसपी गेहलोत बेहद खुश हुए और उन्होंने सभी बच्चों की सराहना करते हुए उन्हें शाबाशी दी। कई बच्चों ने अपनी कविताएं भी सुनाईं, जिन्हें सुनकर वहां का माहौल भावनात्मक और प्रेरणादायक बन गया।
पुलिस अधीक्षक ने बच्चों को मिठाई खिलाकर उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि जो बच्चे पढ़ाई, खेलकूद या नृत्य में रुचि रखते हैं, उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
एसपी गेहलोत ने एएसआई जो की पुर्व मे देवास ओर वर्तमान में शाजापुर जिले में पदस्थ जितेंद्र दुबे, उनकी पत्नी और उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि वे वर्षों से झुग्गी-बस्ती में रहने वाले बच्चों के लिए ‘पुलिस की पाठशाला’ संचालित कर एक उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। यह समाज के लिए प्रेरणादायक पहल है।
उन्होंने भावुक होकर कहा कि आज बच्चों से मिलकर उनका मन प्रफुल्लित हो गया है और वे आगे भी समय-समय पर बस्ती में जाकर बच्चों से मिलेंगे तथा हरसंभव मदद करेंगे।
यह मुलाकात न केवल बच्चों के लिए यादगार रही, बल्कि यह समाज में पुलिस की संवेदनशील छवि को भी मजबूत करने वाली पहल साबित हुई।