रतलाम/जावरा। फसल बीमा का लाभ नहीं मिलने, घोड़ारोज से फसलों को हो रहे नुकसान और खेतों तक जाने वाले रास्ते बंद किए जाने के विरोध में मंगलवार को जावरा और पिपलौदा तहसील के सैकड़ों किसानों ने वाहन रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय का घेराव किया। जिला पंचायत सदस्य के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान किसानों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों पर जल्द कार्रवाई की मांग की।
दोपहर करीब 12 बजे गीता भवन चौराहे से शुरू हुई रैली में बड़ी संख्या में किसान चार पहिया और दोपहिया वाहनों के साथ शामिल हुए। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई एसडीएम कार्यालय पहुंची, जहां किसानों ने अपनी समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
किसानों का आरोप था कि बीमा कंपनियों ने फसल बीमा का प्रीमियम तो वसूल लिया, लेकिन नुकसान होने के बावजूद उन्हें कोई मुआवजा नहीं दिया गया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने घोड़ारोज से फसलों को हो रहे नुकसान का मुआवजा, वन्यजीवों से सुरक्षा, जावरा-रिंगनोद मार्ग की अधूरी पुलियाओं का निर्माण तथा कॉलोनाइजरों द्वारा खेतों तक जाने वाले पारंपरिक रास्ते बंद किए जाने की समस्या भी उठाई।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
स्थिति को देखते हुए एसडीएम रचना शर्मा ने कृषि, वन एवं बीमा विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। रतलाम से बीमा कंपनी के अधिकारियों को भी तलब किया गया। एसडीएम ने किसानों को आश्वस्त किया कि लंबित मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित विषय शासन स्तर तक भेजे जाएंगे।