नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) प्रथम वर्ष की भर्ती प्रक्रिया मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। भर्ती प्रक्रिया में महाविद्यालय की लगभग 50 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। निर्धारित मापदंडों एवं चयन प्रक्रिया के बाद 18 छात्राओं का एनसीसी के लिए चयन किया गया।
भर्ती प्रक्रिया का संचालन पीआई स्टाफ सूबेदार मदन सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान एनसीसी केयरटेकर आकांक्षा गौड़ ने भर्ती व्यवस्था एवं समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चयन प्रक्रिया में छात्राओं की शारीरिक दक्षता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, उत्साह एवं अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कलानी ने चयनित छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने चयनित कैडेटों से नियमित प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी कर महाविद्यालय एवं जिले का नाम गौरवान्वित करने का आह्वान किया।
पीआई स्टाफ सूबेदार मदन सिंह भदौरिया ने बताया कि चयनित कैडेटों का नियमित प्रशिक्षण शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान परेड, ड्रिल, व्यक्तित्व विकास, सामुदायिक सेवा तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के एनसीसी शिविरों की तैयारी कराई जाएगी। इससे छात्राओं के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलेगा।