नीमच। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) समीक्षा बैठक में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों, राजस्व प्रकरणों सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। आमजन से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने विभागवार सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल पोर्टल पर कार्रवाई पूर्ण करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कर विभागीय प्रदर्शन में सुधार लाने के निर्देश दिए।
स्कूल-कॉलेजों के आसपास नशीली वस्तुओं की बिक्री पर सख्ती के निर्देश
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक एवं सभी शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों को निर्देश दिए गए कि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की नशीली वस्तुओं की बिक्री नहीं होनी चाहिए। ऐसे मामलों की नियमित निगरानी करते हुए दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर ने विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को झूलते विद्युत तारों से संबंधित शिकायतों का तत्काल निराकरण करने एवं आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
लापरवाही पर कारण बताओ नोटिस के निर्देश
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान डीबीटी एवं हितग्राही सत्यापन कार्य में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के महाप्रबंधक एवं जिला विपणन अधिकारी के बिना पूर्व सूचना बैठक में अनुपस्थित रहने पर भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
अतिक्रमण हटाने और राजस्व प्रकरणों के भौतिक सत्यापन पर जोर
नगर क्षेत्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित अभियान चलाने, सार्वजनिक मार्गों को बाधामुक्त रखने और नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए सतत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
राजस्व प्रकरणों की समीक्षा में कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि रास्ता विवाद, अतिक्रमण हटाने एवं अन्य निराकृत राजस्व प्रकरणों का मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन किया जाए। उन्होंने कहा कि मैदानी निरीक्षण से प्रशासनिक निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा और आमजन का विश्वास मजबूत होगा।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की तैयारियों की समीक्षा-
बैठक में 7 अगस्त से प्रारंभ होने वाले मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की तैयारियों की भी विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को अभियान के दौरान बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर चंद्रा ने कहा कि सभी जिला अधिकारी शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों की नियमित समीक्षा करें, अधीनस्थ अमले की मॉनिटरिंग रखें और प्रत्येक प्रकरण में जवाबदेही के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को समय पर राहत एवं बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक में अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच पराग जैन, एसडीएम जावद संजीव साहू, एसडीएम मनासा किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे, मयूरी जोक, श्रुति भयड़िया सहित जिले के सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।