खरगोन। जिले की भगवानपुरा तहसील में स्थित प्रसिद्ध देजला-देवाड़ा बांध लगातार हुई बारिश के बाद लबालब भरकर ओवरफ्लो हो गया है। बांध के स्पिलवे से बहता पानी और चारों ओर फैली हरियाली लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। बांध का मनमोहक नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंचने लगे हैं।
सतपुड़ा पर्वतमाला की गोद में स्थित यह जलाशय हर वर्ष बरसात के मौसम में प्राकृतिक सौंदर्य का केंद्र बन जाता है। इस वर्ष भी बांध के ओवरफ्लो होने से आसपास के गांवों के साथ-साथ जिलेभर से पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है।
बांध के भरने से क्षेत्र के किसानों में भी खुशी का माहौल है। इस जलाशय के पानी से भगवानपुरा तहसील एवं खरगोन जिले के अनेक गांवों की कृषि भूमि की सिंचाई होती है, जिससे किसानों को पर्याप्त पानी मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि देजला-देवाड़ा बांध को पर्यटन और पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। उनका मानना है कि इससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
हालांकि, लोगों का यह भी कहना है कि बांध के आसपास अभी भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिनके विकास की आवश्यकता है। वहीं प्रशासन लोगों से ओवरफ्लो बांध के पास सावधानी बरतने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील कर रहा है।