नारायणगढ़/भोपाल। नारायणगढ़ में सत्र न्यायालय की स्वीकृति मिलने पर अभिभाषक संघ नारायणगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को भोपाल स्थित निवास पर मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा से सौजन्य भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री का शाल-श्रीफल, पुष्पमाला एवं मिठाई भेंट कर स्वागत किया तथा सत्र न्यायालय की स्वीकृति को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक निर्णय बताया। अधिवक्ताओं ने कहा कि इस फैसले से न केवल अधिवक्ताओं को, बल्कि नारायणगढ़ एवं आसपास के क्षेत्र के आम नागरिकों को भी न्यायिक कार्यों में बड़ी सुविधा मिलेगी। अब वादकारियों को सत्र न्यायालय से जुड़े मामलों के लिए अन्य जिलों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
इस दौरान अभिभाषक संघ के पदाधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री को नारायणगढ़ क्षेत्र की अन्य विधिक आवश्यकताओं से भी अवगत कराया और उनके शीघ्र समाधान का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल में अरविंद पाटीदार, वर्द्धमान जैन, विजय बसेर, प्रवीण चौधरी, विनोद गुर्जर, बनवारीलाल शर्मा, अखिलेश कौशिक, राजकुमार माली, महेश डांगी, राहुल चौधरी, पवन कुमावत, चांदमल राठौर, श्याम पाटीदार, कमल चौधरी, नरसिंह पंड्या एवं अर्जुन पाटीदार शामिल रहे।
अभिभाषक संघ नारायणगढ़ ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री तथा राज्य शासन के प्रति भी आभार व्यक्त किया।