शिवपुरी। शहर के झींगुरा क्षेत्र में एक पालतू लेब्राडोर (लेब्रा) डॉग की मौत के मामले में कथित रूप से झूठे नाम से एफआईआर दर्ज किए जाने का आरोप लगाते हुए पीड़ित पक्ष पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचा। खटीक समाज के लोगों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की।
शिकायत के अनुसार, घटना 30 जुलाई 2026 की शाम करीब 7 बजे की है। एक आरओ वॉटर प्लांट पर एक पालतू कुत्ता मुर्गी पर हमला कर रहा था। इसी दौरान प्लांट के एक ड्राइवर ने कुत्ते को भगाने के लिए पत्थर फेंका, जिससे उसकी मौत हो गई।
शिकायतकर्ता गोलू खटीक का आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम में उनका कोई हाथ नहीं था, फिर भी रिपोर्ट दर्ज कराने वालों ने उनका नाम एफआईआर में शामिल कर दिया। उनका कहना है कि उन्हें गलत तरीके से आरोपी बनाया गया है।
इसी मांग को लेकर खटीक समाज के लोग जनसुनवाई में पहुंचे और पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषी के खिलाफ कार्रवाई तथा उनका नाम एफआईआर से हटाने की मांग की।
फिलहाल यह आरोप शिकायतकर्ता पक्ष द्वारा लगाए गए हैं। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।