चित्तौड़गढ़। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पंचम चरण के अंतर्गत चित्तौड़गढ़ शहर में प्रस्तावित 31.01 करोड़ रुपये के विकास कार्यों पर बुधवार, 5 अगस्त को डीआरडीए सभागार, जिला परिषद परिसर में 'आरयूआईडीपी संवाद' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
सहायक अभियंता रामेश्वर जाट ने बताया कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं अन्य हितधारकों को प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही उनके सुझाव एवं फीडबैक लेकर योजनाओं को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप अंतिम रूप दिया जाएगा।
आरयूआईडीपी के पंचम चरण के तहत 17.31 करोड़ रुपये की लागत से अपशिष्ट जल प्रबंधन एवं शोधित जल के पुनः उपयोग, 5.71 करोड़ रुपये से बाढ़ प्रबंधन एवं ड्रेनेज व्यवस्था तथा 8 करोड़ रुपये की लागत से कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (सीसीसी), विरासत संरक्षण एवं पर्यटन विकास से जुड़े कार्य प्रस्तावित हैं। इसके अलावा शहर की अर्बन मोबिलिटी को भी सुदृढ़ करने की योजना शामिल है।
आरयूआईडीपी के इस चरण का उद्देश्य आधुनिक, पर्यावरण-अनुकूल एवं सतत शहरी आधारभूत सुविधाओं का विकास कर नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है। अधिकारियों के अनुसार संवाद कार्यक्रम से प्राप्त सुझावों के आधार पर विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितैषी बनाया जाएगा।