नीमच। मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा विकसित भारत अभियान के अंतर्गत "नशा मुक्त युवा–विकसित भारत" विषय पर जिला स्तरीय नशा मुक्ति कार्यक्रम का आयोजन पंडित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, नृत्य, कविता पाठ, वाद-विवाद, चित्रकला, नारा लेखन और रील निर्माण जैसी रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया।
जिला युवा अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे की बुराइयों से दूर रखते हुए उन्हें सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. संजय जोशी, एनके डबकरा एवं जिला युवा अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार रहे। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत सौरभ श्रीवास्तव, प्रह्लाद धनगर, लोकेश पाटीदार एवं कुलदीप राठौर ने किया। कार्यक्रम का संचालन अरुण सोलंकी ने किया, जबकि अंत में MY भारत की स्वयंसेवक रानी राठौर ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।