मुरैना। जिले की पोरसा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत कुरेठा के ग्रामीणों ने धुरंधर का पुरा से गोपालपुरा तक पक्की सड़क निर्माण की मांग को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से कच्चे मार्ग के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे आवागमन बाधित हो जाता है। खराब सड़क के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती और स्कूली बच्चों, किसानों तथा आम लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
इस संबंध में ग्राम पंचायत कुरेठा के सरपंच पति छोटेलाल शर्मा ने बताया कि संबंधित सड़क लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी है और ग्राम पंचायत के सीमित बजट से इसका निर्माण संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार यह सड़क योजना में स्वीकृत है और बरसात समाप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया गया है।
वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे अपनी मांग को लेकर आंदोलन करेंगे। फिलहाल ग्रामीण प्रशासन के आश्वासन के बाद सड़क निर्माण शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।