खरगोन। शहर के मुसेखा मार्ग पर मंगलवार शाम एक गाय की करंट की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। गौरक्षकों का आरोप है कि गाय सड़क किनारे खुले पड़े बिजली के तार की चपेट में आ गई। इस घटना को लेकर गौरक्षकों में आक्रोश है। गौरक्षकों का आरोप है कि इससे पहले डेढ़ माह पहले जून माह में भी माँगरूल रोड पर एक नन्दी की करंट से मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों से नाराज गौरक्षकों ने मृत गाय का शव रखकर मध्य प्रदेश विद्युत मंडल (एमपीईबी) के विरुद्ध पोस्ट ऑफिस चौराहे पर धरना प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के चलते पुलिस ने बेरिकेड्स लगाकर मार्ग भी डायवर्ट किया।
प्रदर्शनकारियों ने एमपीईबी मुर्दाबाद के नारे लगाए और विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। गौरक्षक हरिओम यादव, सतीश राठौर, वीरेंद्र बर्ड, बंटी कुशवाह, मनोज कर्मा आदि का कहना था कि शहर में कई स्थानों पर बिजली के तार खुले पड़े हैं या जर्जर हो चुके हैं, जो न केवल पशुओं के लिए बल्कि आम नागरिकों के लिए भी खतरा बने हुए हैं। गौरक्षकों ने मांग की कि इस घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए बिजली के ढीले तारों को दुरुस्त करने तथा खुले तारों को व्यवस्थित करने हेतु तत्काल कदम उठाए जाएं। उन्होंने पीड़ित पशुपालक को मुआवजा देने की मांग भी की। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस दल मौके पर पहुंच गया। थाना प्रभारी बीएल मंडलोई, तहसीलदार जागर सिंह रावत, एमपीईबी कार्यपालन एसके साहु ने प्रदर्शनकारियों को शांत करने और स्थिति को नियंत्रण में लेने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते रहे।
अधिकारियों ने मामले की गहन जांच का आश्वासन दिया और कहा कि दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।