मुरैना। जिले के पोरसा से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां शासकीय राशि से तैयार किए गए खेल मैदान को कथित तौर पर ट्रैक्टर चलाकर नुकसान पहुंचाने का आरोप लगा है। सरपंच ने थाना पोरसा में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
मामला ग्राम पंचायत तरसमा का है। यहां पंचायत भवन और शहीद पार्क के पास युवाओं के लिए नवीन खेल मैदान तैयार कराया गया था। मैदान के चारों ओर पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधारोपण किया गया था और उनकी सुरक्षा के लिए लोहे की जाली भी लगाई गई थी।
सरपंच सत्यभान सिंह तोमर उर्फ भूरे का आरोप है कि 2 अगस्त की रात करीब 8 बजे गांव के नकुल सिंह तोमर उर्फ श्याम और कुछ अन्य लोगों ने ट्रैक्टर से पूरे खेल मैदान को जोत दिया। इस दौरान लगाए गए पौधे उखाड़ दिए गए और सुरक्षा के लिए लगाई गई लोहे की जाली भी तोड़ दी गई।
सरपंच का कहना है कि इस घटना से शासकीय राशि से कराए गए विकास कार्यों को भारी नुकसान पहुंचा है। साथ ही गांव के बच्चों और युवाओं के लिए तैयार किया गया खेल मैदान भी उपयोग के लायक नहीं रहा, जिससे उनकी खेल गतिविधियां प्रभावित होंगी।
सरपंच ने थाना पोरसा में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और विकास कार्यों में बाधा डालने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि जांच में क्या सामने आता है और पुलिस क्या कदम उठाती है।