नीमच। खरीफ-2025 की सोयाबीन फसल का बीमा नहीं मिलने से नाराज ग्राम घसुण्डी जागीर के किसानों ने बुधवार को विधायक दिलीप सिंह परिहार के निवास पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं। सरपंच प्रतिनिधि मनोहर रावत के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विधायक को ज्ञापन सौंपते हुए पात्र किसानों को शीघ्र फसल बीमा राशि दिलाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2025 में सोयाबीन फसल को भारी नुकसान हुआ था। शासन द्वारा फसल क्षति का सर्वे कराया गया तथा राहत राशि का वितरण भी किया गया, लेकिन इसके बावजूद गांव के कई किसानों को अब तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ नहीं मिल सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि फसल नुकसान का सर्वे होने और राहत राशि मिलने के बावजूद बीमा राशि से वंचित रहना किसानों के साथ अन्याय है। उन्होंने विधायक से बीमा कंपनी एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से समन्वय कर पात्र किसानों को जल्द फसल बीमा राशि दिलाने की मांग की।
इस दौरान ग्रामीणों ने गांव के विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्ताव भी विधायक के समक्ष रखे। उन्होंने विधायक निधि से स्वेच्छानुदान स्वीकृत कराने तथा पंचायत क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्यों के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
विधायक दिलीप सिंह परिहार ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और फसल बीमा सहित अन्य मांगों के संबंध में संबंधित विभागों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।