नीमच। समाजसेवा को धरातल पर उतारने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इनरव्हील क्लब नीमच ने शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 (पीएम श्री) में सेवा, शिक्षा एवं जागरूकता पर आधारित प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया। क्लब द्वारा गोद लिए गए 'हैप्पी स्कूल' में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए वृक्षारोपण, खेल सामग्री एवं अध्ययन सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। वहीं कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को कॉपियां एवं खेल सामग्री वितरित कर शिक्षा के साथ शारीरिक विकास को भी प्रोत्साहित किया गया।
बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एनवी की संचालक नताशा शर्मा ने 'गुड टच-बैड टच' विषय पर सरल एवं प्रभावी ढंग से जानकारी दी और बच्चों को जागरूक किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ इनरव्हील प्रार्थना से हुआ, जिसका वाचन अलका श्रीवास्तव ने किया। क्लब अध्यक्ष सिम्मी सलूजा ने बताया कि विद्यालय को क्लब ने 'हैप्पी स्कूल' के रूप में अपनाया है। भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं बाल कल्याण से जुड़े सेवा कार्य निरंतर संचालित किए जाएंगे।
इस अवसर पर पीडीसी संगीता जोशी, प्राचार्य मनोज कीमती, कुसुम शर्मा, हेमा त्रिवेदी, अमरजीत छाबड़ा, रागिनी कालेरा, सुमन अहीर, शोभा तोतला, मंजुला शर्मा सहित क्लब की सदस्याएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन सरोज गांधी ने किया।