सेगांव। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत निर्मित सेगांव-तलकपुरा सड़क निर्धारित रख-रखाव अवधि समाप्त होने से पहले ही जर्जर हो गई है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
बुधवार को ग्रामीणों ने पीआईयू (PIU) खरगोन को ज्ञापन सौंपकर सड़क के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के रख-रखाव की जिम्मेदारी वर्ष 2027 तक संबंधित एजेंसी की है, इसके बावजूद मार्ग की हालत लगातार खराब होती जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रख-रखाव के लिए प्रावधान होने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं की जा रही है। उन्होंने रख-रखाव मद में खर्च की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन की प्रतियां कलेक्टर, सांसद और स्थानीय विधायक को भी भेजी गई हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।