मंदसौर। डाक विभाग ने अपनी सामाजिक सुरक्षा की पहल के तहत मृतक बीमाधारक के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए ग्रामीण डाक जीवन बीमा पॉलिसी की राशि का भुगतान किया।
मंदसौर डाकघर अधीक्षक ने बताया कि तहसील गरोठ के ग्राम चिकनिया निवासी स्व. करण सिंह ने डाक विभाग की ग्रामीण डाक जीवन बीमा पॉलिसी करवाई थी। उनके निधन के बाद विभागीय प्रक्रिया पूर्ण होने पर उनके नॉमिनी गोपाल सिंह को 10 लाख 69 हजार 240 रुपए की बीमा राशि का चेक उपडाकघर गरोठ के अनुडाकपाल द्वारा सौंपा गया।
बताया गया कि पॉलिसीधारक ने पॉलिसी लेने के बाद केवल एक किस्त के रूप में 44 हजार 392 रुपए का भुगतान किया था। इसके बावजूद बीमा योजना के तहत परिवार को बड़ी आर्थिक सहायता प्राप्त हुई।
डाक विभाग ने बताया कि बीमा योजनाएं असमय मृत्यु, बीमारी या दुर्घटना जैसी विपरीत परिस्थितियों में परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करती हैं। यह राशि आश्रितों को तत्काल आर्थिक संकट से उबरने, जीवन स्तर बनाए रखने और भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक होती है।
डाक विभाग द्वारा मुख्य रूप से डाक जीवन बीमा (पीएलआई) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई) योजनाएं संचालित की जाती हैं, जिनका उद्देश्य लोगों को सुरक्षित भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है।