भोपाल। दतिया में भाजपा की कार्यकारिणी भंग होने पर भाजपा से कांग्रेस में शामिल होने वाले अवधेश नायक ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने नरोत्तम मिश्रा पर तंज कसते हुए उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
अवधेश नायक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर नरोत्तम मिश्रा पर तंज कसा है। उन्होंने लिखा, ‘प्रिय भंग कार्यकारिणी के दतिया विधानसभा के लोगों। 2018 में तुम्हारे आका ने अपने पुत्र मोह में मुझे बदनाम किया। पूरे पांच साल इंदौर में इसी खुन्नस में केस लगवा दिया। भाजपा संगठन ने प्रमाण मांगा तो एक भी प्रमाण पूर्व गृहमंत्री नहीं दे पाए। 2018 चुनाव के विजय जुलूस में मेरे द्वारा पहनाई माला उतार कर फेंक दी। शायरी सुनाकर मुझे लांक्षित किया। 2023 में वो हिसाब-किताब मैंने पूरा कर लिया था।
उन्होंने आगे कहा कि टिकट कटने का जो दर्द उन्होंने मुझे 2008 में दिया उससे 1000 गुना दर्द भाजपा ने उन्हें उपचुनाव में दिया। मैंने 2018 में बिल्कुल विरोध नहीं किया था हां 2 तीन मुझसे जुड़े लोगों ने किया था। आज जो संगठनात्मक कार्रवाई हुई है वो उनके लिए सबक है जो साथ रहकर घात करतें हैं।दतिया के हो इसलिए मुझे तुम्हारे संगठन की कार्यवाही अच्छी नहीं लगी। निजी नाते रिश्तों का सदैव ध्यान रखा करो यह तुम सबसे आग्रह है। हम दतिया में जन्मे और यही मरेंगे सबको जय माई की।