नीमच। प्रशासनिक कार्यों में अधिक दक्षता, बेहतर समन्वय और त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले में पदस्थ डिप्टी कलेक्टरों के कार्य प्रभार में आंशिक संशोधन करते हुए नया कार्य विभाजन आदेश जारी किया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार डिप्टी कलेक्टर मयूरी जोक को जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा) नीमच के परियोजना अधिकारी का प्रभार तथा बंगला-बगीचा व्यवस्थापन का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसी प्रकार डिप्टी कलेक्टर चन्द्रसिंह धार्वे को ईओडब्ल्यू, विभिन्न आयोगों, आयुक्त एवं वरिष्ठ शिकायतों, लोकायुक्त, विधानसभा एवं लोकसभा से संबंधित प्रकरणों, ध्यानाकर्षण प्रश्नों के नोडल अधिकारी, सूचना का अधिकार अधिनियम, सिटीजन चार्टर, लोक सेवा गारंटी अधिनियम तथा मंत्री शाखा से प्राप्त पत्रों पर कार्रवाई का दायित्व सौंपा गया है।
वहीं डिप्टी कलेक्टर श्रुति भयडिया को भू-अभिलेख, जिला भू-प्रबंधन एवं सीलिंग से संबंधित कार्यों का प्रभार दिया गया है। आदेश में उल्लेख किया गया है कि इन विषयों से संबंधित सभी प्रस्ताव अपर कलेक्टर के माध्यम से कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में जारी कार्य विभाजन आदेश की अन्य व्यवस्थाएं यथावत रहेंगी तथा यह संशोधित आदेश तत्काल प्रभाव से प्रभावी होगा।