नीमच। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित अभियान मुस्कान के तहत बघाना थाना पुलिस ने सराहनीय कार्रवाई करते हुए गुम हुई दो नाबालिग बालिकाओं एवं एक बालिग युवती को महज 10 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी राधेश्याम दांगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार 4 अगस्त को एक फरियादी ने थाना बघाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी दो नाबालिग बेटियों एवं एक बालिग बेटी को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। शिकायत पर थाना बघाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) एवं 140(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर तत्काल तलाश शुरू की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने विशेष टीम गठित कर शीघ्र दस्तयाबी के निर्देश दिए। चेहल्लुम ड्यूटी के बावजूद पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए घटना स्थल एवं आसपास के करीब 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लगभग 200 लोगों से पूछताछ की तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों युवतियों को इंदौर से सकुशल दस्तयाब कर लिया।
दस्तयाबी के बाद तीनों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। इस त्वरित कार्रवाई पर परिजनों ने बघाना पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम दांगी, उपनिरीक्षक सुनील सिसौदिया, प्रधान आरक्षक मोनवीर सिंह, आरक्षक राहुल डाबी, पंकज पाटीदार, अजातशत्रु, ओमप्रकाश पारगी, राहुल चंदेल, महिला आरक्षक शिवांगी, पूजा मालवीय, प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे तथा साइबर सेल नीमच की टीम की सराहनीय भूमिका रही।