सरवानिया महाराज। नगर परिषद सरवानिया महाराज द्वारा नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के निर्देशन में नगर के विभिन्न बाजार क्षेत्रों में निरीक्षण किया गया। इस दौरान व्यापारियों एवं दुकानदारों को अपनी-अपनी दुकानों पर अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने, दुकान से निकलने वाले कचरे को सड़क अथवा सार्वजनिक स्थानों पर न फेंककर नगर परिषद के कचरा वाहन में डालने तथा गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण करने की समझाइश दी गई।
निरीक्षण के दौरान जिन दुकानदारों द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था तथा दुकान पर डस्टबिन नहीं रखा गया था, उनके विरुद्ध चालानी (जुर्माना) कार्रवाई की गई।
इस अभियान में सहायक राजस्व उप निरीक्षक सूरजमल सालवी, स्वच्छता प्रभारी विजय दुर्गज, स्टोर शाखा के मनीष गोयल, अजय प्रताप सिंह, घनश्याम पाल, सौरव जैन सहित नगर परिषद के अन्य निकाय कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने कहा कि नगर की स्वच्छता बनाए रखना सभी नागरिकों एवं व्यापारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर परिषद द्वारा पहले जागरूकता एवं समझाइश दी जा रही है, लेकिन भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त चालानी कार्रवाई जारी रहेगी।