मनासा। बच्चों एवं महिलाओं के साथ होने वाली लैंगिक हिंसा की रोकथाम, बाल अधिकारों के संरक्षण तथा पोक्सो एक्ट-2012 के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से जन साहस संस्था एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एसबीआई फाउंडेशन एवं एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के सहयोग से पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मनासा में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस दौरान छात्राओं को बाल अधिकार, बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, बाल विवाह, बाल मजदूरी, बाल लैंगिक शोषण की रोकथाम, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस हेल्पलाइन 112 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी सरल एवं व्यवहारिक तरीके से दी गई।
जन साहस संस्था के जिला समन्वयक जितेंद्र कुमार सुनार्तिया ने छात्राओं को गुड टच-बैड टच एवं बाल लैंगिक शोषण से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार के असुरक्षित स्पर्श या उत्पीड़न की स्थिति में बच्चियों को तुरंत विरोध करना चाहिए, सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपने अभिभावक, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को जानकारी देनी चाहिए तथा आवश्यकता पड़ने पर हेल्पलाइन नंबर 1098 या 112 पर संपर्क करना चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को बाल संरक्षण एवं बाल लैंगिक शोषण की रोकथाम की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही छात्राओं को शिक्षण सामग्री तथा विद्यालय प्रबंधन को खेल सामग्री (बैडमिंटन किट) प्रदान की गई।
इस अवसर पर थाना मनासा से उपनिरीक्षक सपना राठौर, सहायक उपनिरीक्षक रेखा गुर्जर, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सिंह तोमर, विद्यालय की प्राचार्य साधना सोनी, जन साहस संस्था के जिला समन्वयक जितेंद्र कुमार सुनार्तिया, समीर मंसूरी, प्रियंका अहीर, आशुतोष कछावा सहित विद्यालय स्टाफ एवं लगभग 500 छात्राओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन समीर मंसूरी ने किया तथा आभार प्रियंका अहीर ने व्यक्त किया।