नीमच। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी शासकीय भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों को 15 अगस्त की संध्या पर आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। इस संबंध में अपर कलेक्टर ने कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश एवं राज्य शासन के निर्णय के तहत आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार स्वतंत्रता दिवस इस वर्ष भी जिलेभर में हर्षाेल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया जाएगा। इसके तहत सभी शासकीय भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर सायंकाल विशेष रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्ट्रेट भवन पर रोशनी की समुचित व्यवस्था करने की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सौंपी गई है। वहीं संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी अपने-अपने कार्यालयों एवं अधीनस्थ भवनों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि स्वतंत्रता दिवस का आयोजन भव्य एवं आकर्षक रूप से संपन्न हो सके।