कटनी। जिले के बहोरीबंद तहसील के सूतेली ग्राम के ग्रामीण बुधवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। वे अपने गांव के शासकीय प्राथमिक माध्यमिक विद्यालय को बंद किए जाने के विरोध में प्रदर्शन करते हुए स्कूल चालू रखने की मांग कर रहे थे।
ग्रामीणों के अनुसार सूतेली गांव में कई साल पुराना शासकीय प्राथमिक माध्यमिक विद्यालय है, जहां करीब डेढ़ सौ बच्चे पढ़ते हैं। अब स्कूल को बंद करके बच्चों को गांव से 7 किलोमीटर दूर बहोरीबंद में नवनिर्मित सांदीपनी स्कूल में स्थानांतरित किया जा रहा है।
ग्रामीण बोले- इतनी दूर स्कूल जाने का समय नहीं
ग्रामीणों में से एक, प्रमोद कुमार बर्मन ने बताया कि सभी मजदूर वर्ग से हैं सुबह से मजदूरी करने चले जाते हैं। बच्चों को 7 किलोमीटर दूर स्कूल लाने-ले जाने का समय नहीं है और न ही ऑटो रिक्शा का किराया देने के लिए पैसे हैं।
उन्होंने कहा कि रास्ते में जंगल भी पड़ता है, जहां जंगली जानवर भी हैं। छोटे बच्चों को अकेले भेजना सुरक्षित नहीं है। इसे लेकर ग्रामीणों ने जिला शिक्षा अधिकारी को आवेदन सौंपा। उन्होंने मांग की है कि शासकीय प्राथमिक माध्यमिक शाला सूतेली को बंद न किया जाए और बच्चों की पढ़ाई गांव में ही जारी रखी जाए।
डीईओ बोले- समिति का गठन किया गया
जिला शिक्षा अधिकारी सच्चिदानंद पांडे ने बताया कि उन्हें ग्राम सूतेली के ग्रामीणों से आवेदन मिला है, जिसमें उन्होंने स्कूल बंद न करने का अनुरोध किया है। इस मामले की जांच के लिए समिति का गठन किया गया है। समिति जांच करेगी, ख्याल रखा जाएगा कि शासन के जो भी दिशा निर्देश आए हैं, उसी अनुसार कार्रवाई की जाएगी। ग्राम सौतेली में शासकीय प्राथमिक शाला है, उससे आठ किलोमीटर दूर सांदीपनी नवनिर्मित स्कूल है, जिस पर बच्चों को शिफ्ट किया जाना है। ग्रामीणों के आवेदन पर जांच करके कार्रवाई की जाएगी।