नीमच। जिले में विद्यार्थियों को नशामुक्त एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने मनासा नगर में संयुक्त अभियान चलाकर विद्यालयों के आसपास तंबाकू एवं अन्य मादक पदार्थ बेचने वाले प्रतिष्ठानों पर सख्त कार्रवाई की। अभियान कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश एवं एसडीएम किरण आंजना के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
संयुक्त टीम में तहसीलदार मनासा, नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, पुलिस प्रशासन एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) शामिल रहे। टीम ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं उत्कृष्ट विद्यालय मनासा के 100 मीटर दायरे का निरीक्षण किया। जांच के दौरान तंबाकू, गुटखा और बीड़ी जैसे उत्पादों का विक्रय करते पाए जाने पर संबंधित सामग्री जब्त की गई तथा प्रत्येक प्रतिष्ठान पर 1,000 रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
कार्रवाई की जद में सांवलिया रसधारा, नरसिंह कैफे, कृष्ण कुल्फी भंडार, इंदौरी कैफे एवं अक्षत जूस आए। वहीं अवंतिका बेकरी में खाद्य स्वच्छता संबंधी अनियमितताएं मिलने पर भी 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
एसडीएम किरण आंजना ने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू एवं अन्य प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी दुकानदारों से कानून का पालन करने और विद्यालयों के आसपास नशीले पदार्थों का विक्रय पूरी तरह बंद रखने की अपील की।