जयपुर/चित्तौड़गढ़। प्रदेश में सड़क संपर्क को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बजट घोषणा 2026-27 की क्रियान्विति के तहत प्रदेश के 187 विधानसभा क्षेत्रों में 3,232 मिसिंग लिंक एवं नॉन-पेचेबल सड़कों के निर्माण को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 2,101.16 करोड़ रुपये की लागत से 6,418.43 किलोमीटर लंबाई की सड़कों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे प्रदेश के दूरस्थ एवं सड़क संपर्क से वंचित क्षेत्रों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि प्रदेश में नॉन-पेचेबल एवं मिसिंग लिंक सड़कों के इन विकास कार्यों से सड़क संपर्क मजबूत होगा, आवागमन सुगम बनेगा तथा विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के विजन तथा मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार आधारभूत अवसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। प्रदेश के प्रत्येक गांव, कस्बे और शहर तक गुणवत्तापूर्ण सड़क नेटवर्क पहुंचाना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि सरकार अंतिम छोर तक विकास का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और यह स्वीकृति प्रदेश में समग्र विकास को नई दिशा प्रदान करेगी।
चित्तौड़गढ़ जिले को मिला बड़ा लाभ
बजट घोषणा के तहत चित्तौड़गढ़ जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में कुल 60 सड़कों के निर्माण को स्वीकृति दी गई है। इन सड़कों की कुल लंबाई 116.75 किलोमीटर होगी तथा इन पर 48.16 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
’विधानसभावार स्वीकृत कार्य
बड़ीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र में 9 सड़कें स्वीकृत हुई हैं, जिनमें 22.20 किलोमीटर लंबाई की 4 मिसिंग लिंक सड़कें तथा 16.00 किलोमीटर लंबाई की 5 नॉन-पेचेबल सड़कें शामिल हैं। इन कार्यों पर लगभग 8.50 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
बेगूं विधानसभा क्षेत्र में 13 सड़कें स्वीकृत की गई हैं। इनमें 18.80 किलोमीटर की 3 मिसिंग लिंक तथा 6.60 किलोमीटर लंबाई की 10 नॉन-पेचेबल सड़कें शामिल हैं। इन कार्यों पर लगभग 11.09 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र में 13 सड़कें स्वीकृत हुई हैं, जिनमें 12.45 किलोमीटर की 4 मिसिंग लिंक तथा 19.05 किलोमीटर लंबाई की 9 नॉन-पेचेबल सड़कें शामिल हैं। इन पर लगभग 9.90 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
कपासन विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 18 सड़कें स्वीकृत की गई हैं। इनमें 11.10 किलोमीटर लंबाई की 5 मिसिंग लिंक तथा 20.70 किलोमीटर लंबाई की 8 नॉन-पेचेबल सड़कें शामिल हैं। इन कार्यों पर लगभग 12.02 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
निम्बाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र में 9 सड़कें स्वीकृत हुई हैं। इनमें 3.50 किलोमीटर लंबाई की 2 मिसिंग लिंक तथा 14.40 किलोमीटर लंबाई की 7 नॉन-पेचेबल सड़कें शामिल हैं। इन कार्यों पर लगभग 6.66 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी और आमजन को बेहतर सड़क सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।