मंदसौर। शासकीय मेडिकल कॉलेज मंदसौर में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में मेडिकल कॉलेज की अधिष्ठाता डॉ. शशि गांधी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. द्विवेदी, सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. रावत एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री निलेश गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से स्वास्थ्य अधिकारियों के ज्ञान और कौशल में वृद्धि होगी, जिससे आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मंदसौर, नीमच एवं रतलाम जिलों के कुल 35 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी शामिल हो रहे हैं। प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी डॉ. सुनील कांत गुलेरी ने प्रशिक्षण की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के सफल संचालन में डॉ. दीपिका औरागी एवं डॉ. प्रिया बघेल प्रशिक्षण सहायक (फैसिलिटेटर) के रूप में सहयोग प्रदान कर रही हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र के बाद प्रशिक्षण की शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ की गईं।